मोहाली। थाना सोहाना के अधीन आने वाले इलाके में जमीन का फर्जी मालिक बनकर किसी दूसरे को 28.50 लाख रुपये में बेचकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी गुरप्रीत सिंह निवासी गीगेमाजरा को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसके अन्य साथी फरार हैं। मामले के जांच अधिकारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी को सोमवार अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है। कई और राज खुलने के आसार हैं।
पुलिस को दी शिकायत में जतिंदर कुमार निवासी पंचकूला ने बताया कि गुरप्रीत सिंह से उसकी पुरानी जान पहचान थी। क्योंकि उसने एक जमीन खरीदी थी, जिसका सौदा उसने करवाया था। वह कुछ और जमीन खरीदना चाहता था, ऐसे में उसने गुरप्रीत सिंह से संपर्क किया। इस दौरान गुरप्रीत सिंह ने गांव दुराली की जमीन के बारे में उससे बातचीत की। इस दौरान उसने उसे केसर सिंह नाम के व्यक्ति को मिलाया। जिसके नाम पर उक्त जमीन होने का दावा आरोपी ने किया। उसने खुद जाकर जमीन भी देखी। इस दौरान केसर सिंह ने जमीन जमाबंदी और फर्द भी अपने साथ लेकर आया था। केसर सिंह का कहना था कि वह जमीन का मालिक है। वह जमीन को बेचना चाहता है। ऐसे में उसने केसर सिंह को तीन चेक के जरिये 28.50 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। शातिर केसर सिंह ने उसे जमीन का कब्जा भी दे दिया। हालांकि रजिस्ट्री नहीं करवाई गई थी। इसके बाद उसने गुरप्रीत सिंह को फोन कर कहा कि वह केसर सिंह को अपने साथ लेकर आए। इस दौरान गुरप्रीत सिंह पहले टाल मटौल करता रहा। उसके बाद गुरप्रीत सिंह और केसर सिंह ने फोन बंद कर लिए। फिर जब उन्होंने अपने स्तर पर पड़ताल की तो पता चला कि उक्त जमीन किसी अन्य केसर सिंह नाम के व्यक्ति के नाम पर है। जिसने उसे जमीन बेची है, वह तो फर्जी है। पुलिस ने गुरप्रीत सिंह और फर्जी केसर सिंह के खिलाफ आईपीसीसी की धारा -420, 465, 467, 468, 471, 473, 120बी के तहत केस दर्ज किया था।