मोहाली। नशा मुक्ति के लिए गठित स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की ओर से एक युवक को 26 ग्राम हेरोइन समेत काबू किया है। आरोपी की पहचान हरप्रीत सिंह निवासी संखो माजरा मोरिंडा, जिला रूपनगर के रूप में हुई है। एसटीएफ ने आरोपी के खिलाफ थाना फेज-4 में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। साथ ही आरोपी को अदालत में पेश कर उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक एसटीएफ ने फेज-4 में नाकाबंदी की हुई थी। तभी पुलिस को सूचना मिली कि एक आरोपी कोर्ट कांप्लेक्स लखनौर के पास हेरोइन तस्करी के लिए आया हुआ है। इसके बाद पुलिस की टीम ने मौके पर जाकर उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 26 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उससे जब इस बारे में पूछा तो वह कोई जानकारी नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह 12वीं पास है और मोरिंडा में सुरक्षा कर्मी की नौकरी करता था, इसी बीच वह गलत संगति का शिकार हो गया। इसके बाद वह दिल्ली से हेरोइन लेकर आता था और आगे सप्लाई करता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।