मोहाली। सीआईए स्टाफ ने खरड़ बस स्टैड पर चेकिंग के दौरान एक कार सवार शराब तस्कर को चंडीगढ़ में बिकने वाली 15 पेटी शराब सहित गिरफ्तार किया है। वह चंडीगढ़ से सस्ते दाम पर शराब खरीदकर रोपड़ और आसपास महंगे दामों पर बेचता था। आरोपी की पहचान 27 वर्षीय अनिल कुमार निवासी गांव बहिरामपुर थाना नंगल, जिला रोपड़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी धारा के तहत मामला दर्ज किया है। एसएसपी सतिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। एसपी और डीएसपी की अगुवाई में सीआईए स्टाफ की टीम ने खरड़ बस स्टैंड के पास नाका लगाया हुआ था। चंडीगढ़ की ओर से आने वाले वाहनों को रोककर जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक कार की तलाशी ली तो उसकी डिग्गी से अंग्रेजी शराब की 15 पेटियां बरामद हुईं। आरोपी इस संबंधी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका।
पूछताछ में आरोपी ने माना कि वह लंबे समय से शराब तस्करी कर रहा है। वह खुद भी शराब पीने का आदी है। पैसों की कमी को पूरा करने के लिए वह चंडीगढ़ से सस्ती शराब खरीदकर आसपास के इलाकों में महंगे दाम पर बेच रहा था।