मोहाली। दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन को छह महीने पूरे होने को आए हैं लेकिन उनकी मांगों को लेकर केंद्र सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। इसलिए रोष में आकर पंजाब के गांवों के किसान शहरों में आकर दिल्ली में डटे किसान भाईयों के पक्ष में आज विशाल रैली निकालने जा रहे हैं।
वहीं, दिल्ली के आंदोलन को समर्थन देते हुुए निजी कंपनियों और कारोबारियों के मॉल बंद करने की मुहिम को सामने रखते हुए, मोहाली के बेस्टेक मॉल के बाहर संयुक्त किसान मोर्चे की ओर से दिन रात धरना लगाया जा रहा है। इसमें आसपास के सभी गांव के किसान हिस्सा लेते आ रहे हैं। वहीं, दिल्ली आंदोलन में डटे किसान संगठनों की कॉल पर 26 मई को पूरे मोहाली में विशाल रैली निकाली जाएगी। इस रैली में मोहाली के आसपास गांव के किसान संगठने हिस्सा लेंगे और इसमें भारी संख्या में किसानों के पहुंचने की उम्मीद है।
मोहाली के सेक्टर-66 में स्थित बेस्टेक मॉल के बाहर पिछले पांच महीने से निजी कंपनियों के खिलाफ किसानों की ओर से संयुक्त किसान मोर्चा लगाया जा रहा है, वहीं दिल्ली के बॉर्डरों पर चल रहे किसान आंदोलन को 26 मई के दिन 6 महीने पूरे होने पर मोहाली शहर में विशाल रैली निकाली जाएगी। इस रैली की शुरूआत सुबह 11 बजे मोहाली के बेस्टेक मॉल के पास चल रहे किसानों के धरने से होगी।
किसानों ने बताया कि यह रैली दिल्ली आंदोलन संयुक्त किसान संगठन की कॉल पर निकाली जा रही है। इस दिन सभी किसान काले झंडे लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करेंगे। वहीं, मोहाली के हर एक गांव में संदेश पहुंचाया जाएगा कि वे अपने-अपने घरों के ऊपर काले झंडे लगाकर सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन जाहिर करें।
किसानों का कहना है कि केंद्र सरकार कोरोना की आड़ में किसानों के मुद्दे को दबाना चाहती थी है और संगठनोें को बदनाम करना चाहती है। लेकिन हमारा हौसला आज भी पहले दिन जैसा ही है, चाहे इन कृषि के नए तीन काले कानूनों के खिलाफ कई सालों तक धरना क्यों न जारी रखना पड़े, हम अपना हक लेकर ही रहेंगे।
बता दें कि मंगलवार को ही गांव जगतपुरा, चोमाजरा और आसपास के सभी गांवों में किसानों ने अपने-अपने घरों पर काले झंडे लगा लिए थे।
इस रैली के बारे में संयुक्त किसान मोर्चे के सदस्य बिंदर सिंह ने बताया कि बुधवार को मोहाली के बेस्टेक मॉल से रैली शुरू की जाएगी। इसके बाद सोहाना में गुरुद्वारा श्री सिंह शहीदां साहिब कुछ समय के लिए रोका जाएगा ताकि रोपड़, फतेहगढ़ साहिब और मोहाली के आसपास के गांव से आने वाले किसानों को रैली में जोड़ा जा सके। साथ ही, फेज-5 और फेज-3बी1 से होते हुए फेज-7 में पहुंचेंगे इसके बाद रैली को वापस बेस्टेक मॉल पहुंच कर समाप्त किया जाएगा।
वहीं किसानों के हाथों में काली झंडियां होगी और केंद्र सरकार द्वारा बनाए कि कृषि कानूनों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जाएगी।