मोहाली। डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें औद्योगिक नीति-2022 और औद्योगिक नीति-2017 के तहत जिले की 6 नई औद्योगिक इकाइयों को लगभग 1500 लाख रुपये (15 करोड़ रुपये) के वित्तीय प्रोत्साहन को मंजूरी दी गई। इन इकाइयों में बीएंडएच इलेक्ट्रोड (डेराबस्सी), बीएस होटल एंड रिजॉर्ट (जीरकपुर), वर्टेक्स इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड, कैम विन इंडस्ट्री, एसआरपी डिजिटल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड और अंबे ट्यूब प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि इन इकाइयों की स्थापना से जिले में करीब 7400 लाख रुपये का नया निवेश आया है। प्रोत्साहन के तहत दो इकाइयों को स्टांप ड्यूटी में छूट, एक इकाई को ईडीसी/सीएलयू चार्ज से छूट, एक आईटी यूनिट को विशेष लाभ तथा शेष इकाइयों को बिजली ड्यूटी में छूट प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक नीति-2022 के अंतर्गत मोहाली जिले में तेजी से निवेश बढ़ रहा है और नए उद्योगों को इस नीति का अधिकतम लाभ उठाना चाहिए। बैठक के बाद जीएम इंडस्ट्रीज मनिंदर सिंह ने बताया कि डिप्टी कमिश्नर ने इन्वेस्ट पंजाब पोर्टल पर विभिन्न नियामक विभागों के लंबित मामलों की भी समीक्षा की और संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि पंजाब सरकार की उद्योग-हितैषी नीति के अनुसार सभी आवश्यक मंजूरियां तय समय में प्रदान की जाएं।