लालडू़ के पास पटरी से उतरी मालगाड़ी की बोगियां।
- फोटो : संवाद
अंबाला-कालका रेलवे मार्ग पर वीरवार दोपहर बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां एक मालगाड़ी बेपटरी हो गई। मोहाली के लालडू रेलवे स्टेशन के पास पेट्रोल से भरी मालगाड़ी की 6 बोगी पटरी से उतर गई। गनीमत रही कि बोगी पलटी नहीं, ऐसे में बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर अंबाला से रेलवे के अधिकारी पहुंच गए हैं। अधिकारी मौके का जायजा लेने और जांच के बाद जानकारी साझा करेंगे। इससे अंबाला कैंट की तरफ से चंडीगढ़ की तरफ जाने वाली ट्रेनें बीच रास्ते फंस गई। इसमें लखनऊ व पश्चिम एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें शामिल थीं। यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
बताया जा रहा कि उक्त मालगाड़ी अंबाला की तरफ से आ रही थी। मालगाड़ी की सभी बोगियों में पेट्रोल भरा था। लालडू़ स्टेशन के पास दोपहर में अचानक छह बोगियां पटरी से उतर गई। जानकारी अनुसार मालगाड़ी के पीछे से बोगी नंबर 7, 8, 9, 10, 11 और 12 नंबर बोगी पटरी से उतरी गई। वहीं, इंजन की तरफ से भी गिनती की जा रही है।
ट्रेन ड्राइवर का कहना है कि हादसा दोपहर करीब 2:00 बजे हुआ। मालगाड़ी में करीब 50 बोगी थी, जिसमें हजारों लीटर पेट्रोल भरा था। अचानक ट्रेन की बोगी में हलचल होने लगी और एकाएक छह डिब्बे पटरी से उतर गए और उन्होंने ट्रेन को वहीं पर रोक दिया।
मालगाड़ी अंबाला से लालड़ू के लिए आई थी जो कि लालडू़ के भारत पेट्रोलियम बॉटलिंग प्लांट में जानी थी। प्लांट में पहले से ही एलपीजी गैस बोगी लगी होने के कारण उसे अभी लालड़ू रेलवे स्टेशन पर एक तरफ की लाइन पर रोका जाना था। इससे पहले ही घटना हो गई।
वहीं सूचना मिलते ही अंबाला रेल मंडल कार्यालय से विभागीय अधिकारी इमरजेंसी ट्रेन लेकर मौके की तरफ रवाना हो गए। पेट्रोल टेंकरों को लेकर मालगाड़ी की सूचना जैसे ही अन्य विभागों को मिली तो वो भी सतर्क हो गए। इस कार्रवाई में पुलिस और सेना की मदद भी ली जा रही है ताकि कोई हादसा न हो। प्राप्त जानकारी अनुसार यह मालगाड़ी अंबाला की तरफ से लगभग एक बजे रवाना हुई थी। मालगाड़ी को लालडू के पास एक गोदाम में जाना था, जहां पेट्रोल का संग्रहण किया जाना था। लेकिन दो बजे के आसपास जब मालगाड़ी को गोदाम की तरफ ले जाया जा रहा था तो पांच से छह टैंकर अचानक झटके साथ बेपटरी हो गए। गनीमत रही कि किसी भी टैंकर में आग नहीं लगी। वहीं सुरक्षा को लेकर अंबाला से चंडीगढ़ की तरफ जाने वाली रेलवे लाइन को बंद कर दिया गया है।