लालड़ू। अंबाला चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित झरमड़ी सीमा बार्डर पर (अंबाला) की गई बैरिकेडिंग मंगलवार को 23 दिनों बाद सुबह सवेरे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया।
बता दें कि फोरलेन हाईवे की दोनों तरफ की एक-एक लेन ही खोली गई है, जिससे राहगीरों समेत स्थानीय लोगों को काफी राहत मिली है। लेकिन हाईवे पूरी तरह सुचारू होने में कुछ समय ओर लग सकता है। सीमा पर एक-एक लेन खोलने के कारण वाहनों को धीरे धीरे निकलना पड़ रहा है। जिस कारण हाईवे पर दोनों और वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी है।
हरियाणा प्रशासन की ओर से झरमड़ी बॉर्डर पर बैरिकेडिंग हटाने का काम सोमवार दोपहर बाद शुरू हुआ था और थ्री लेयर बैरिकेडिंग हटाने के लिए लिए पहले जेसीबी और हाइड्रा का इस्तेमाल किया गया, जबकि कंक्रीट से भरी बैरिकेडिंग हटाने के लिए हेवी ड्यूटी मशीनरी लगानी पड़ी। अंबाला के बलदेव नगर थाने के प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि प्रशासन की ओर से हाईवे की दोनों ओर की एक एक लेन खोलने के निर्देश थे। कंक्रीट की मजबूती के चलते यहां पोकलेन और हैमरिंग मशीनों की मदद ली गई।
सोमवार मध्य रात्रि दोनों तरफ बैरिकेडिंग हटाकर ट्रैफिक आवाजाही के लिए एक-एक लेन खोल दी गई है। दोनों ओर की एक एक लेन खुलने से जहां वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी है वहीं राहगीरों ने राहत की भी सांस ली है। उन्होंने बताया कि पूरी तरह बैरिकेडिंग कब हटाई जाएगी, इस बार अभी कोई निर्देश जारी नहीं हुए हैं। जैसे ही उच्चाधिकारियों के निर्देश मिलते है तुरंत कार्रवाई की जाएगी।