मोहाली/खरड़। मोहाली-खरड़ रोड पर ट्रैफिक जाम और सड़क हादसे आए दिन बढ़ रहे थे। इस मामले को लेकर अमर उजाला ने मुद्दा उठाया था। खबरें प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में आया। इसके बाद डीसी मोहाली-कम-चेयरमैन रोड सेफ्टी कमेटी आशिका जैन ने एनएचएआई के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इन समस्याओं के हल के लिए जल्द हल तलाशने के लिए कहा गया था। इसके बाद एनएचएआई ने नगर निगम काउंसिल खरड़ और ट्रैफिक पुलिस के साथ इस पूरे इलाके का दौरा करके पांच स्थान चयनित किए थे, जहां पर ट्रैफिक जाम और सड़क हादसे की स्थिति बनी रहती थी। अब यहां पर एनएचएआई ट्रैफिक लाइट्स लगवाएगी।
एनएचएआई ने इन पांच जगह पर ट्रैफिक लाइट्स लगाने के लिए प्राइवेट कंपनी को 35.52 लाख रुपए में टेंडर अलॉट कर दिया है। साथ ही कंपनी को एक महीने के अंदर पांचों जगह पर ट्रैफिक लाइट्स लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इन जगह पर इंटेलीजेंट कंट्रोलर सिस्टम पर आधारित लाइट लगाने के साथ ही इन पर कैमरे भी लगे होंगे। कैमरे की मदद से लाइट्स में लगे सेंसर से अपने आप ट्रैफिक लाइट्स की टाइमिंग चेंज होती रहेगी। जब ट्रैफिक लाइट्स पर जाम ज्यादा होगा तो रेड और ग्रीन लाइट का समय भी उस हिसाब से बढ़ जाएगा।