जीरकपुर। पटियाला रोड पर स्थित शिवा एनक्लेव में 27 मार्च को दो पक्षों में झगड़ा हो गया था। इस मामले में एक पक्ष ने पुलिस पर एक तरफा कार्रवाई का आरोप लगाया और पुलिस ने भी केवल एक पक्ष की बात सुनकर दूसरे के खिलाफ पर्चा दर्ज कर दिया है। जबकि दूसरे पक्ष की ओर से उनके साथ मारपीट करने की सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। जिसमें सरेआम कुछ लोग एक महिला और बच्चे के साथ मारपीट कर रहे हैं। इसे लेकर वह लोग पुलिस के आलाधिकारियों से मिल भी चुके हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। इसके चलते रेखा नामक एक महिला ने प्रेसवार्ता कर अपने साथ हुई वारदात के बारे में बताया। पीड़िता रेखा पत्नी राज कुमार निवासी शिवा एनक्लेव ने बताया कि उनके पड़ोस के लोगों ने उनके और उनके बेटे के साथ मारपीट की है। उनके पति चंडीगढ़ पुलिस में काम करते हैं और बीते कुछ दिन पहले वह ड्यूटी पर थे तो शाम करीब 6 बजे पड़ोसन पिंकी उनके 12 वर्षीय बेटे के साथ मारपीट कर रही थी। मैंने उसको छुड़वाया तो उन्होंने उनके साथ भी मारपीट की थी। उन्होंने बताया उनके पड़ोसी मोहन लाल, उनकी पत्नी शकुंतला, उनके बेटे और बहू गौरव और कमलजीत कौर, बेटी पिंकी और उसके पति रविंदर ने उनके साथ मारपीट की है। इसकी शिकायत उन्होंने थाना जीरकपुर में दर्ज करवाई और इलाज के लिए जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ में इलाज के लिए गए। लेकिन उनकी पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की और उल्टा उनपर ही केस दर्ज करवा दिया। जबकि इस झगड़े की वीडियो वह आलाधिकारियों को दिखा चुके हैं। इसके बाद आलाधिकारियों ने जांच अधिकारी जसवंत सिंह को वीडियो के आधार पर केस क्रॉस दर्ज के लिए आईओ को कहा था। लेकिन आईओ ने नहीं सुनी और उलटा रेखा और उसके पति राज कुमार पर ही केस दर्ज कर लिया है।
पीड़ित रेखा ने बताया कि जांच अधिकारी एएसआई जसवंत सिंह बिलकुल भी उनकी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। वह अकेली महिला को पूरा दिन थाने में बैठाकर यातना देते हैं और कोई कार्रवाई नहीं करते हैं। इसकी शिकायत उन्होंने एसपी मोहाली, डीएसपी जीरकपुर और थाने के एसएचओ को भी दी है। लेकिन जांच अधिकारी जसवंत सिंह उनकी भी बात नहीं मान रहे हैं। जबकि एसएचओ ने जांच अधिकारी को बदलने की बात भी कही। लेकिन बावजूद इसके जसवंत सिंह एक ही बात पर अड़े हुए हैं कि पूरी गलती उनकी ही है और वह जितना मर्जी जोर लगा लें उनकी कार्रवाई नहीं की जाएगी। इससे परेशान होकर उन्होंने प्रेसवार्ता कर पुलिस से सही जांच की मांग कर आरोपियों पर केस दर्ज करने की मांग की है।
कोट्स इस झगड़े में एक पक्ष को काफी चोटें आई थी, जिसकी जांच के बाद रेखा और उसके पति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बाकी उनकी ओर से डीएसपी को शिकायत अलग से दी है, जिसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। मैंने किसी से न तो पैसे लिए हैं और न ही हमारे ऊपर कोई राजनीतिक दबाव है। -जसवंत सिंह, जांच अधिकारी थाना जीरकपुर