नयागांव। शहर के रिहायशी इलाकों में नियमों को ताक पर रखकर दुकानें खोली जा रही हैं। लोग घरों में ही दुकानें खोल रहे हैं। इससे सरकार को जहां राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं लोग भी परेशान हो रहे हैं।
बता दें कि रिहायशी क्षेत्र में नक्शा फीस 819 रुपये है, जबकि व्यावसायिक फीस 3013 रुपये है। ऐसे में सरकार को प्रतिगज 2194 रुपये का नुकसान हो रहा है। इसके अलावा घरों में दुकानें होने से लोग सड़क तक सामान सजाकर रख देते हैं। इससे लोगों को आवाजाही में भी परेशानी होती है।
जानकारी के मुताबिक दशमेश नगर, विकास नगर, गोविंद नगर, आदर्श नगर, शिवालिक विहार, जनता कॉलोनी आदि में रोड के साथ साथ लगते लगभग सभी मकानों में दुकानें खोली गई हैं।
नियम तोड़ने वालों को दे रहे नोटिस
ईओ जगजीत सिंह शाही का कहना है कि जो दुकानें पहले बनी थीं, उन्हें नियमित करने के लिए 2021 तक पॉलिसी थी। इसके तहत कुछ दुकानों को नियमित किया गया था। अब सरकार की ओर से जो पॉलिसी आएगी उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। जो लोग नियमों का उल्लंघन कर दुकानें बनाते हैं, उन्हें नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
दुकानों में घरेलू मीटर का इस्तेमाल गैरकानूनी
बिजली विभाग के उपमंडल अधिकारी संदीप कुमार का कहना है की घरेलू बिजली मीटर का दुकान में इस्तेमाल करना गैरकानूनी है। इस संबंधी समय-समय पर जांच की जाती है। पिछले हफ्ते घरेलू मीटर का इस्तेमाल करने पर कई होटल संचालकों से जुर्माना वसूला गया है।