भबात में मिले शिवलिंग के साथ भक्त।
पाइप डालने के लिए की जा रही थी खोदाई, बुजुर्ग बता रहे पुराना शिवलिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। भबात गांव में बरसाती पानी की निकासी के लिए पाइप डालने के लिए की जा रही खोदाई के दौरान एक पुरातन शिवलिंग मिला है। खोदाई के दौरान मिले शिवलिंग की ऊंचाई करीब डेढ़ फीट है और गोल व साफ है।
लोगों ने बताया कि पता नहीं कब से जमीन में दबा है और जेसीबी से खोदाई के बाद भी खंडित नहीं हुआ और न ही कोई नुकसान शिवलिंग को पहुंचा है। जिसके चलते लोगों की आस्था ज्यादा बढ़ गई है। खोदाई के दौरान शिवलिंग मिलने की खबर आग की तरह फैल गई है। देखते ही देखते सैकड़ों लोग शिवलिंग के दर्शन के लिए पहुंच गए थे। इस शिवलिंग को फिलहाल मंदिर में रखा दिया गया है और गांव के पंडितों को बुलाकर विधि विधान से शिवलिंग को गांव के शिव मंदिर में स्थापित किया जाएगा। जानकारी देते हुए गांव निवासी पार्षद सुखबीर सिंह, पार्षद बिटू लोंगिया, करनेल चंद धीमान, मनोज शर्मा, गुरमीत सिंह, बलविंदर कुमार वर्मा आदि ने बताया कि यह शिवलिंग जहां मिला है वहां पर न तो कोई मंदिर है और न ही किसी का घर है। जहां मिला है वह गांव का कच्चा रास्ता है। जिससे वह लोग अंदाजा लगा रहे हैं के यह काफी पुरातन शिवलिंग है। क्योंकि 100 वर्षों की बात करें तो यह रास्ता कच्चा ही है और गांव के लोग आने जाने के लिए इस्तेमाल करते रहे हैं। जिसे गांव के बजुर्ग भी सही बताते हैं।
गांव निवासियों ने बताया की बरसाती पानी की निकासी के लिए खोदाई के दौरान रास्ते में एक खंभा टेढ़ा हो गया था। मजदूरों ने खंभे को सीधा करने के लिए गड्ढा खोदा तो यह शिवलिंग मिला। जिसे श्रद्धा पूर्वक जमीन से निकलाकर मंदिर में रखा है। ग्रामीणों का कहना है कि शिवलिंग को स्थापित करने से पहले गांव की परिक्रमा करवाई जाएगी, ताकि सभी लोग शिवलिंग के दर्शन कर सकें और गांव को भोलेनाथ का आशीर्वाद मिल सके। बता दें कि गांव में शिव भक्त हर वर्ष भोलेनाथ का जागरण धूमधाम से करवाते हैं और हर वर्ष जत्था व लंगर भी अमरनाथ लेकर जाते हैं। इसलिए वह शिवलिंग मिलने को भोलेनाथ का प्रसाद मान रहे हैं।