खरड़ में शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस पार्टी को गहरा झटका लगा है। नगर काउंसिल के 15 पार्षदों ने अपनी पार्टियों को अलविदा कहकर आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली है। इसमें निर्दलीय पार्षद भी शामिल हैं। विधायक एवं कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान ने सभी पार्षदों का पार्टी में शामिल होने पर स्वागत किया है। साथ ही नगर काउंसिल खरड़ की प्रधान की कुर्सी खतरे में आ गई है।
अंदेशा जताया जा रहा है कि खरड़ नगर काउंसिल में जल्द ही प्रधान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा। चर्चा यह भी है कि वह भी आप के संपर्क में है। बता दें कि पिछले साल हुए नगर परिषद के चुनाव में शिरोमणि अकाली दल के आठ पार्षद चुनाव जीते थे। जबकि कांग्रेस के 10 पार्षद चुनाव में विजयी रहे थे।
एक पार्षद आम आदमी पार्टी का चुनाव जीता था, जबकि आठ अन्य निर्दलीय चुनाव जीते थे। शिरोमणि अकाली दल कांग्रेस से कम सीटें होने के बावजूद प्रधान पद पर जसप्रीत कौर लौंगिया को बैठाने में सफल रहा। चरणजीत सिंह चन्नी के मुख्यमंत्री बनते ही प्रधान जसप्रीत कौर लौंगिया को प्रधान की कुर्सी से हटाने के लिए कई बार विरोधी पार्षदों ने प्रयास किए लेकिन पार्षदों की गिनती पूरी न होने के कारण हर बार विरोधी पार्षदों का प्रयास असफल रहा।
यह पार्षद आप में शामिल
वार्ड नंबर-1 से नवदीप सिंह बबू की पार्षद पत्नी सरबजीत कौर, वार्ड नंबर-3 से डॉ. परमजीत सिंह की पत्नी गुरदीप कौर, वार्ड नंबर-4 से गोबिंदर सिंह चीमा, वार्ड नंबर-5 से अमनदीप सिंह की माता परमजीत कौर, वार्ड नंबर-10 से हरिंद्र पाल सिंह जॉली और वार्ड नंबर-11 से उनकी पत्नी नमिता जॉली, वार्ड नंबर-12 से राजबीर सिंह राजी, वार्ड नंबर-13 से मनमोहन सिंह की पत्नी जसबीर कौर, वार्ड नंबर-14 से सोहन सिंह, वार्ड नंबर-17 से सुरमुख सिंह की पत्नी करमजीत कौर, वार्ड नंबर-42 से राम स्वरूप सिंह, वार्ड नंबर-21 से पंकज चड्ढा की पत्नी शिवानी चड्ढा, वार्ड नंबर-22 से विनीत जैन के अलावा कई अन्य पार्षद आप में शामिल हुए हैं। साथ ही तीन पार्षदों ने आम आदमी पार्टी के साथ चलने की सहमति जताई है। जो कि आम आदमी पार्टी में शामिल होंगे।
मौजूदा प्रधान दिल्ली के आप नेताओं के संपर्क में
सूत्रों से पता चला है कि विरोधी पार्षदों को एकजुट होता देखकर और आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद मौजूदा प्रधान ने भी अपने साथ जुड़े पार्षदों को साथ लेकर आम आदमी पार्टी से संपर्क साधा है। मौजूदा प्रधान जसप्रीत कौर लौंगिया और उनके साथ जुड़े पार्षदों ने शिरोमणि अकाली दल का साथ छोड़कर अपने आप को आम आदमी पार्टी में शामिल करने का एक पत्र दिल्ली सरकार के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को भेजा है। आज 15 पार्षदों के आम आदमी पार्टी से जुड़ने के बाद नगर परिषद खरड़ की राजनीति में भूचाल आ गया है। आने वाले दिनों में नगर परिषद में बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है।