मोहाली। सेक्टर-76 स्थित डीसी कॉम्प्लेक्स में बुधवार को आरटीए कार्यालय को नए स्थान पर शिफ्ट किया गया। लेकिन शिफ्टिंग के पहले ही दिन जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कार्यालय बंद होने के कारण लोगों को अपने काम करवाने में मुश्किलें आईं।
आरटीए अधिकारियों ने दावा किया था कि अब ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) से जुड़ी सभी 56 सेवाएं सुविधा केंद्र और 1076 हेल्पलाइन के माध्यम से दी जाएंगी। जब लोग सुविधा केंद्र पहुंचे, तो वहां सिस्टम और डेटा अधूरा होने के कारण काम नहीं हो सका। लोग निराश होकर लौट गए।
पुराने दफ्तर में केवल चालान की सुविधा
डीसी कॉम्प्लेक्स स्थित पुराने आरटीए कार्यालय में बुधवार को केवल चालान संबंधी कार्य ही हो रहे थे। बाकी सभी कामों के लिए कार्यालय खाली पड़ा था। सुविधा केंद्र में कर्मचारियों ने कहा कि अभी तक आरटीए से संबंधित सॉफ्टवेयर और जरूरी डेटा नहीं पहुंचा है।
ये कैसी व्यवस्था है
मोहित ने कहा कि आरसी का काम करवाना था लेकिन खाली हाथ लौटना पड़ा। यह कैसी व्यवस्था है?
अधिकारी आश्वासन दे रहे
राज ने बताया कि लाइसेंस का काम करवाने आया था लेकिन सिर्फ चालान का काम ही हो रहा था। अधिकारी सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं।
फेसलेस सेवाएं शुरू की गई हैं
आरटीओ मोहाली, राजपाल शेखों ने कहा बताया कि आरटीओ की फेसलेस सेवाएं शुरू की गई हैं और लोग इसे घर बैठे ले सकेंगे। सारा डेटा सुविधा केंद्र भेज दिया गया है। डेटा इंटीग्रेट होने में समय लग सकता है। वीरवार से सुविधा केंद्र पर पूरी तरह से काम सुचारु हो जाएगा।