जीरकपुर। सेहत विभाग जीरकपुर की टीम ने अवैध तंबाकू बेचने वालों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मंगलवार को तंबाकू जब्त किया। स्वास्थ्य केंद्र की सीनियर मेडिकल अफसर डॉक्टर उर्मिल गर्ग के दिशा निर्देशों पर गठित टीम ने ढकोली पुलिस के मुलाजिम करण कुमार के सहयोग से पीरमुछल्ला में 3 तंबाकू के खोखे और जीरकपुर में एक तंबाकू की दुकान में चेकिंग की गई जहां भारी मात्रा में प्रतिबंधित तंबाकू बरामद हुआ। इसे मेडिकल अफसर डॉक्टर बलप्रीत सिंह के साथ स्वास्थ्य सहयोगी हरविंदर सिंह की ने जब्त कर लिया। जानकारी के अनुसार इन तंबाकू बेचने वालों को विभाग पहले भी कई बार चेतावनी दे चुका था लेकिन प्रतिबंधित तंबाकू बेचना बंद नहीं किया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए विभाग ने सामान जब्त कर लिया। डॉ. उर्मिल गर्ग के अनुसार अगर यह लोग फिर भी प्रतिबंधित तंबाकू बेचते हुए पाए गए तो कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
क्या हैं एसडीएम के आदेश
एसडीएम डेराबस्सी ने 9 सितंबर 2025 को पत्र जारी किया है। इसमें लिखा है कि जीरकपुर, अंबाला, चंडीगढ़, पंचकूला रोड पर अवैध बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू और ड्रग बेचने वाले स्टॉल संबंधी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इस संबंध में नशा बेचने पर रोक लगाने के लिए चेकिंग करने के लिए कमेटी का गठन किया गया है। इसमें नगर परिषद जीरकपुर के कार्यकारी अधिकारी या उनका प्रतिनिधि, थाना प्रभारी जीरकपुर/ ढकोली या उनके प्रतिनिधि, सीनियर मेडिकल अफसर कम्युनिटी स्वास्थ्य केंद्र ढकोली अथवा उनके प्रतिनिधि और सहायक आबकारी व कर अफसर (जीएसटी) मोहाली या उनके प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह कमेटी हर हफ्ते चेकिंग कर संयुक्त रिपोर्ट एसडीएम दफ्तर डेराबस्सी में पेश करेगी।