गांव शाहीमाजरा के लोगों को जल्द ही एक पार्क मिल जाएगा। गांव के सामने औद्योगिक क्षेत्र में चार एकड़ जमीन पर यह पार्क बनाया जा रहा है। पार्क बनाने के काम की शुरुआत रविवार को इलाके के पार्षद अशोक झा ने की। गमाडा इसे 40 लाख रुपये की लागत से तैयार कर रहा है।
पार्क बनाने का काम कुछ ही महीनों में पूरा हो जाएगा। पार्क में लोगों को सैर करने के लिए ट्रैक, बुजुर्गों के बैठने के लिए बेंच और बच्चों के खेलने के लिए झूले लगाए जाएंगे। इस संबंध में पार्षद अशोक झा ने बताया कि पिछले कई सालों से इलाके के लोग इस जमीन पर पार्क बनाने की मांग कर रहे थे। यह मांग अकाली-भाजपा सरकार ने पूरी कर दी।
उन्होंने बताया कि पार्क के अलावा गांव निवासियों की सरकारी स्कूल और कम्युनिटी सेंटर बनाने की मांग भी है। उन्होंने बताया कि लोगों की यह मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के सामने रख चुके हैं। सीएम ने जल्द इस मांग को पूरा करने का भरोसा दिया है।
इस मौके पर अकाली पार्षद कुलदीप कौर कंग, कंवलजीत रूबी, परमजीत काहलों, मार्केट कमेटी खरड़ के प्रधान बलजीत सिंह कुंभड़ा, गांव की मंदिर कमेटी के प्रधान राम कुमार शर्मा, गुलफाम अली, मेजर सिंह मान, ईश पाल, राम कुमार शाहीमाजरा भी मौजूद रहे।