जीरकपुर। शिवालिक विहार और शिवा एनक्लेव कालोनी में रहने वाले हजारों लोगों को सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या से राहत मिलने वाली है। वॉटर एंड सीवरेज डिपार्टमेंट ने पभात से पटियाला हाईवे तक नई सीवरेज लाइन बिछाने के प्रोजेक्ट को मंजूरी प्रदान की है।
नगर काउंसिल ने इस संबंधी टेंडर कॉल किए हैं, जिसको फाइनल होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, शिवा विहार और शिवालिक सहित कई कॉलोनियों में रहने वाले लगभग 50 हजार लोग सीवरेज ओवरफ्लो की वजह से परेशान हो रहे हैं। आलम यह है कि सीवरेज ओवफ्लो की समस्या कई वर्षों से बनी हुई हैं, जिसका अभी तक पक्का हल नहीं निकल पाया है। वहीं, कालोनाइजरों की तरफ से अंधाधुंध प्लाट काट कर निर्माण कार्यों को अंजाम दिया गया। इसका असर यह हुआ कि पुरानी सीवरेज लाइन पर दबाव बढ़ता चला गया।
जल्द शुरू होगा काम
नगर काउंसिल के ईओ संदीप तिवारी ने बताया कि शिवा विहार और शिवालिक विहार सहित अन्य कालोनियों को सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या से राहत दिलाने के लिए विक्टोरिटी सिटी से पटियाला हाईवे तक नई सीवरेज लाइन बिछाने के प्रोजेक्ट का टेंडर कॉल किया जा चुका है। इसके बाद निर्माण कार्य को जल्द से जल्द शुरू कर दिया जाएगा।