खरड़। पुलिस जहां एक ओर रात को शहर में चौकसी की बात कह रही है वहीं, चोर आए दिन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। चोर लगभग हर रोज ही शहर में किसी न किसी दुकान को निशाना बना रहे हैं। पिछले दो सप्ताह में खरड़ में चोरी की सात-आठ वारदातें हो चुकी हैं।
शनिवार रात चोरों ने अकाली दफ्तर गुरुद्वारा रोड के निकट करियाने की दुकान को निशाना बनाया। पड़ोसियों के जागने के कारण चोर अधिक सामान ले जाने में सफल नहीं हो पाए। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रीत करियाना स्टोर की पिछली साइड के दरवाजे का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे। ताला टूटने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को फोन कर दिया। चंद मिनटों में ही पुलिस मौके पर पहुंच गई लेकिन तब तक चोर फरार हो चुके थे। पुलिस ने दुकानदार सुरेश कुमार को चोरी होने की सूचना दी। सुरेश कुमार ने बताया कि चोर दुकान में लगे कैमरे की रिकॉर्डिंग का डीवीआर सिस्टम भी ले गए हैं। इसके अलावा नकदी, ड्राई फ्रूट के व कुछ सैनिटाइजर की बोतलें भी चोरी हुई हैं।
इसके अलावा शुक्रवार रात को भी झुगियां रोड पर खुराना डिपार्टमेंटल स्टोर में चोरी हुई थी। थानाध्यक्ष भगवंत सिंह ने बताया कि शहर का क्षेत्र काफी बढ़ा है। क्षेत्र के हिसाब से उनके पास पुलिस कर्मचारियों की संख्या कम है। वह रात को लगभग 10 पुलिस कर्मचारियों की विभिन्न पार्टियां बनाकर खुद भी देर रात तक शहर में गश्त करते हैं। जल्दी ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।