मोहाली। तीस वर्षों से फेज-1 में सीवर पाइप लाइन की सफाई नहीं कराई गई है। इस वजह सीवर ओवरफ्लो होने की समस्या से हजारों रेजिडेंट्स को परेशानी उठानी पड़ती है। हालात ऐसे हो जाते हैं कि घर से बाहर तक सिर्फ बदबू का माहौल और गंदा पानी ही नजर आता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दस दिन से यहां सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है।
वीरवार को नगर निगम पंपिंग सेट लगाकर गंदगी निकालने की कोशिश कर रहे थे। नगर निगम की यह प्रक्रिया रविवार शाम तक चली। लोगों का कहना है कि नगर निगम ने भले ही चार दिन तक सीवरेज खाली करने की पहल की है। इससे समस्या कुछ हद तक कम हो सकता है, लेकिन सीवर ओवरफ्लो की समस्या खत्म नहीं की जा सकती। फेज-6 से आने वाली पाइप लाइन भी फेज-1 में पड़ी मुख्य सीवर पाइप लाइन से जुड़ी है। इसमें पानी की मात्रा ज्यादा हो जाती है और पानी का नियमित रूप से बहाव भी नहीं हो पाता है। ऐसी स्थिति में पाइप लाइन ब्लॉक हो जाती है।
कीड़े मकोड़े घरों में आते हैं
सीवरेज से निकलने वाली गंदगी से मलवा तो आता ही है, इसके साथ ही गंदे पानी में कीड़े मकोड़े भी घर में आ जाते हैं। -दीपू, स्थानीय निवासी फेज -1 मोहाली।
सीवरेज ओवरफ्लो की है समस्या
पिछले तीस वर्षों से नगर निगम ने सीवरेज पाइपलाइन की नियमित तरीके से सफाई नहीं कराई है। इससे कभी-कभी सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या बन जाती है। -सुशील कुमार दीवान, स्थानीय निवासी फेज -1 मोहाली
बारिश में होती है दिक्कत
बारिश में सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या हो जाती है। घर में गंदा पानी भर जाता है। शौचालय भी जाना मुश्किल हो जाता है। -जोगिंदर सिंह, स्थानीय निवासी, फेज -1 मोहाली
घरों में फैलती है बदबू
नगर निगम के सफाई कर्मचारी जब भी सीवरेज की सफाई करने आते हैं तो उससे निकलने वाला मलवा साथ लेकर नहीं जाते हैं। मलवा कई दिनों तक पड़ा रहता है। इससे निकलने वाली बदबू घरों में फैल जाती है। - सौरभ दीवान, स्थानीय निवासी फेज -1 मोहाली