मोहाली। पॉश सेक्टर-68 में नगर निगम की लापरवाही के कारण सीवर ओवरफ्लो की समस्या गंभीर हो गई है। कई दिनों से सड़कों पर गंदा और बदबूदार पानी बह रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। इससे क्षेत्र में बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय पार्षद परविंदर कौर के पति कुलविंदर सिंह संजू ने बताया कि कोठी नंबर 4180 से 4290 तक सीवर लाइनें पूरी तरह जाम हैं। उन्होंने नगर निगम के संबंधित एसडीओ से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
संजू का आरोप है कि अधिकारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का बहाना बनाकर जिम्मेदारी से बच रहे हैं। सेक्टर-68 के सिटी पार्क में भी बारिश के पानी की निकासी पाइपलाइन बंद पड़ी है। इसके चलते पार्क में पानी भर गया है और वॉकिंग ट्रैक पूरी तरह जलमग्न हो गया है। सुबह-शाम सैर करने वाले लोगों को भी दिक्कत हो रही है। निवासियों का कहना है कि इस क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने नगर निगम से सीवर लाइनों को तुरंत साफ कराने की मांग की है। पार्क से पानी की निकासी सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। लोगों ने इस समस्या का स्थायी समाधान करने की अपील की है।