कुराली। खेतों में लगी आग की चपेट में आकर गांव बड़ौदी, नग्गल और गुन्नो माजरा के खेतों में कई एकड़ गेहूं की फसल जल गई। किसानों ने बताया कि आग के कारण कटाई के लिए तैयार करीब 6 एकड़ गेहूं की फसल और लगभग 15 एकड़ गेहूं की नाड जली है।
किसान कुलदीप सिंह, अवतार सिंह, सुरिंदर सिंह, कुलवंत सिंह, हरजीत सिंह ने बताया कि हवा का रुख होने के कारण आग उत्तर दिशा से फैली और देखते ही देखते आग कई एकड़ में फैल गई। जिसके बाद आसपास के गांवों के लोग वहां आ गए और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की लेकिन तेज हवा के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
समय पर नहीं पहुंची फायर ब्रिगेड
किसानों ने ट्रैक्टरों से खेतों में आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए। मौके पर फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया लेकिन वह भी समय पर नहीं पहुंच सकी। मौके पर पुलिस अधिकारी भी पहुंचे। इस मौके लोक हित मिशन बीकेयू के नेताओं ने जांच और नुकसान के लिए मुआवजे की मांग की है।