आरएमसी पॉइंटों का दौरा करते अधिकारी। संवाद
मोहाली। सीनियर डिप्टी मेयर एवं कार्यवाहक मेयर अमरीक सिंह सोमल ने शुक्रवार को निगम के अधिकारियों के साथ सेक्टर-71 और शाहीमाजरा स्थित आरएमसी पॉइंटों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सफाई एवं कचरा प्रबंधन को लेकर की गई तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने शहर के सभी आरएमसी पॉइंटों से एकत्रित कचरा तुरंत जगतपुरा स्थित कंप्रेशर प्लांट में स्थानांतरित करने को कहा, ताकि शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
इस दौरान सेक्टर-71 के आरएमसी पॉइंटों पर सड़क तक फैला कूड़ा भी उठवाया और जगह को साफ करवाया। उन्होंने कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि सफाई के मामले में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शाहीमाजरा के आरएमसी पॉइंट पर सोमल ने सफाई को लेकर स्थानीय लोगों की चिंताओं को भी साझा किया। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि नगर निगम सफाई सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। दौरे के बाद शहर की ए और बी रोड की सफाई को लेकर भी सफाई ठेकेदार के साथ बैठक की गई।