लालड़ू। पिछले दिनों गांव जास्तना कलां में बंद पड़ी एक जूस बनाने वाली फैक्टरी के सिक्योरिटी गार्ड के हुए अंधे कत्ल व चोरी की वारदात के मामले को लालड़ू पुलिस ने 19 दिनों में ट्रेस करने का दावा किया है। पुलिस ने एक कातिल समेत 3 चोरों को काबू करके विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके अदालत में पेश करके रिमांड हासिल किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार गांव जास्तना कलां में कई सालों से बंद पड़ी जूस की फैक्टरी में 29 जुलाई 2019 को 40 साल के चौकीदार का तेजधार हथियारों से कत्ल करके लुटेरों ने हजारों रुपए का सामान चुराया लिया था। जिस मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।
लालड़ू थाना में डीएसपी गुरबख्शीश सिंह व एसएचओ इंस्पेक्टर रजनीश चौधरी ने एक वार्ता के दौरान बताया कि उक्त कत्ल मामले में यह बात सामने आई कि आरोपी गुरविंदर सिंह उर्फ टिबरी वासी बसोली थाना हंडेसरा इसी फैक्टरी में पिछले 8 साल से दिन के समय चौकीदार की ड्यूटी करता था जबकि मृतक विजय प्रजापत वासी बिहार रात को चौकीदार की ड्यूटी करता था और फैक्टरी में ही रहता था। आरोपी फैक्टरी से मोटरेें व सामान चोरी करके बेचने का आदी था। वारदात वाले दिन भी आरोपी फैक्टरी की मोटर चोरी करके बेचना चाहता था। इस संबंध में आरोपी ने सन्नी कबाड़ी वासी लालड़ू मंडी के साथ उसे बेचने संबंधी बात की थी और मृतक चौकीदार को भी पैसे का लालच दिया पर उसके मना करने पर आरोपी गुरविंदर सिंह ने रात के समय अपने हाथ में पकड़े एक दात (टकुआ) के साथ विजय प्रजापत का कत्ल कर दिया और शव को कमरे में रख दिया। अगली सुबह इसकी सूचना खुद गुरविंदर ने फैक्टरी मालिकों को दी जिन्होंने पुलिस को बताया। आरोपी लूट की नीयत के साथ कत्ल किए जाने का ड्रामा करता रहा।ु
पुलिस ने कबाड़ी संजीव कुमार निवासी लालड़ू व उसके जीजा जगतार सिंह निवासी फतेहाबाद को बोलेरो गाड़ी समेत गिरफ्तार कर लिया जो उस रात फैक्टरी में चोरी करने करने आए थे। मामले की जांच कर रहे इंस्पेक्टर रजनीश चौधरी ने बताया कि गुरविंदर सिंह व सन्नी को 14 अगस्त को व जगतार सिंह व संजीव कुमार को 15 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया जो पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं। कबाड़ी के खिलाफ चोरी का व चौकीदार गुरविंदर सिंह के खिलाफ कत्ल का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वारदात में प्रयोग किए गये हथियार को भी बरामद कर लिया है और बेची गई मोटरें व अन्य सामान बरामद करना बाकी है।
वारदात को लूट बनाने के लिए आरोपी ने बिखेरा सामान
पुलिस ने बताया कि कातिल गुरविन्द्र सिंह इतना शातिर था कि उसने कत्ल की वारदात के बाद पुलिस को अपनी बातों में उलझाए रखते हुए पूरी फैक्टरी में पुलिस सर्च के दौरान साथ-साथ रहा। पुलिस ने बताया कि कातिल ने अकेले ही शव को कत्ल वाली जगह से कंबल में खींचकर दूसरी जगह तक पहुंचाया और वहां पर बिखरे खून को पानी से धोकर साफ कर दिया। कातिल ने वारदात को चोरी व लूट की शक्ल देने के लिए फैक्टरी के सामान को भी बिखेर दिया था।