मोहाली। एयरपोर्ट रोड से सटे सेक्टर 117 और 118 के टीडीआई सिटी में हर साल बारिश के दौरान जलभराव होता है। स्थानीय रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों ने बिल्डर टीडीआई इंफ्राटेक लिमिटेड के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। निवासियों का आरोप है कि अधूरी बुनियादी सुविधाओं और स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम के बिना ही करीब 350 एकड़ की टाउनशिप का कब्जा लोगों को सौंप दिया गया है। इस कारण हर मानसून में पूरा क्षेत्र जलभराव की चपेट में आ जाता है।
निवासियों ने गमाडा से उच्चस्तरीय जांच और बिल्डर पर कार्रवाई की मांग की है। यह इलाका नगर निगम में शामिल हो चुका है, लेकिन इसके बाद भी हालात ठीक नहीं हैं। टीडीआई रेजिडेंट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि सेक्टर में वैज्ञानिक स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम विकसित नहीं किया गया है। पानी की निकासी के लिए पर्याप्त ग्रेविटी फ्लो या स्थायी आउटफॉल की व्यवस्था नहीं है। इसके चलते बारिश का पानी मुख्य प्रवेश और निकास मार्गों सहित पूरे सेक्टर में जमा हो जाता है। इलाका नगर निगम में शामिल होने और दो पार्षद होने के बावजूद निवासियों को परेशानी हो रही है।
बिल्डर पर गंभीर आरोप
एसोसिएशनों ने दावा किया कि बिल्डर को केवल आंशिक पूर्णता प्रमाणपत्र मिला था। इसके बावजूद पूरी टाउनशिप का कब्जा लोगों को दे दिया गया। आरोप है कि बिल्डर अब वेलिंगटन हाइट्स-1 की आरडब्ल्यूए पर हैंडओवर लेने का दबाव बना रहा है। हाउसकीपिंग और सुरक्षा जैसी आवश्यक सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। निवासियों ने पंजाब सरकार, आवास एवं शहरी विकास विभाग और गमाडा से मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने आंशिक पूर्णता प्रमाणपत्र की समीक्षा करने और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर बिल्डर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो मामला सक्षम प्रशासनिक और न्यायिक मंचों तक ले जाया जाएगा।