संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। शहर में बुधवार को सीजन की पहली धुंध छाई जिससे सुबह दृश्यता काफी कम रही और वाहन चालकों व सैर करने वालों को सावधानी बरतनी पड़ी। तापमान में गिरावट के कारण ठंड का अहसास बढ़ गया।
सुबह घनी धुंध रहने के बाद दोपहर में कुछ देर के लिए सूरज निकला जिससे लोगों को हल्की राहत मिली और बाजारों तथा सार्वजनिक स्थानों पर चहल-पहल बढ़ी। शाम होते ही ठंडक फिर बढ़ गई और तेज हवाओं के साथ लोग गर्म कपड़ों में नजर आए।
दिन में रात जैसे हालात, वाहनों की धीमी रफ्तार
डेराबस्सी। डेराबस्सी और आसपास के इलाकों में आज सर्दी के सीजन की पहली सघन धुंध ने दस्तक दी। दृश्यता अत्यंत कम होने के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक की स्थिति गंभीर बनी रही। धुंध इतनी घनी थी कि कुछ मीटर की दूरी पर भी दिखाई नहीं दे रहा था। सर्दी बढ़ने के कारण लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की और फॉग लाइट व निर्धारित गति सीमा का पालन करने की सलाह दी, ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके। संवाद