लांडरां में बाइक और ट्रक की टक्कर, ट्रक चालक फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। लांडरां क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने नवजात शिशु के जन्म की खुशियों को मातम में बदल दिया। 28 वर्षीय पल्लवी ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार पल्लवी अपने पिता के साथ बाइक पर सवार होकर लांडरां के पास स्थित निजी अस्पताल से घर लौट रही थी। वह अपने नवजात भतीजे को देखकर वापस आ रही थी। इसी दौरान एक मिक्सचर प्लांट के ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक तेज रफ्तार में था और लेफ्ट साइड से ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। सामने से वाहन आने पर चालक ने बाइक की ओर अचानक मोड़ लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिता दूर जा गिरे, जबकि पल्लवी ट्रक के नीचे आ गई और उसके दो पहिए उसके ऊपर से गुजर गए।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पिता को अस्पताल भिजवाया। मृतका का शव सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं।