मोहाली। पुलिस ने रविवार को नशों के खिलाफ कासो ऑपरेशन के महत सर्च अभियान चलाया। इस दौरान शहर में अलग-अलग जगह पर कॉलोनियों और घरों की चेकिंग की गई। फेज-8 चौकी इंचार्ज अभिषेक शर्मा की अगुवाई में फेज-6 स्थित वाल्मिकी कॉलोनी और फेज-8 इंडस्ट्रियल एरिया में गुरु नानक कॉलोनी में 30 से 40 घरों की तलाशी ली गई। ऑपरेशन शाम 4 बजे से शाम 6 बजे तक जारी रहा। पूरे एरिया की घेराबंदी कर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। हर संदिग्ध घर को बारीकी से जांचा गया। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में भी लिया और पूछताछ के बाद छोड़ दिया है।
बता दें कि पुलिस ने शुक्रवार को भी शहर में कासो ऑपरेशन चलाया था। इस दौरान फेज-8, फेज-11 और सोहाना थाना के एसएचओ के साथ मिलकर पुलिस ने गांव सोहाना में अभियान चलाया। पुलिस ने आधा किलो गांजा, 400 नशीले इंजेक्शन बरामद किए। शक के आधार पर 3 लोगों को राउंडअप भी किया गया, लेकिन पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया था। डीएसपी सिटी-2 एचएस बल ने बताया गांव सोहाना के लोगों ने इलाके में नशा बिकने की शिकायत दी थी। इस पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने फेज-8, फेज-11 और सोहाना थाना के एसएचओ और पुलिस टीम को साथ लेकर वहां चेकिंग की। चेकिंग के दौरान आधा किलो गांजा और 400 नशीले इंजेक्शन मिले थे।