मोहाली। बलौंगी स्थित सरकारी हाई स्कूल के कर्मचारियों ने शनिवार को स्कूल के गेट के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि इलाके में गैर कानूनी तरीके से चलने वाले पीजी में रह लोग अपनी गाड़ियों को स्कूल की गली में और गेट के बाहर तक खड़ा कर देते हैं। इस वजह से स्कूल के बच्चों और टीचरों को आने-जाने में काफी दिक्कत होती है।
उन्होंने कहा कि इस बारे में कई बार पीजी मालिकों को कहा जा चुका है, लेकिन वह बाज नहीं आ रहे हैं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कूल के कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि स्कूल के आगे किसी के वाहन खड़े नहीं होने दिए जाएंगे। वहीं, नियम तोड़ने वालों के वाहन पुलिस जब्त करेगी।
उन्होंने बताया कि स्कूल के आसपास बहुमंजिला इमारतें बनी हुई हैं। इनमें धड़ल्ले से पीजी चल रहे हैं, लेकिन वाहन खड़े करने का कोई उचित इंतजाम नहीं किया गया। टीचर्स ने आरोप लगाया कि पीजी में रहने वाले युवा स्कूल की दीवारें फांदकर स्कूल में आ जाते हैं और यहां गंदगी फैलाते हैं।
इस अवसर पर स्कूल प्रिंसिपल परमजीत कौर, सोनिया बैरी, अनु राणा, जसविंदर कौर, रविदंर कौर, मनजिंदर कौर, डिंपल गर्ग ने बताया कि इस संबंधी पुलिस को बताया गया। इसके बाद पुलिस की ओर से भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने एक वाहन कब्जे में ले लिया है।