मोहाली। पंजाब सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत राज्य विजिलेंस ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई कर गांव देवीनगर (अभरावन), जिला मोहाली के सरपंच गुरचरण सिंह को 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई मुख्यमंत्री की एंटी करप्शन एक्शन लाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसका ट्रैक्टर पुलिस ने जब्त किया था, जिसे थाना बनूड़ से छुड़वाने पर सरपंच ने उससे एक लाख रुपये की रिश्वत की मांगी।
जांच के दौरान सामने आया कि शिकायतकर्ता की बार-बार की विनती के बाद आरोपी सरपंच 50 हजार रुपये लेने पर राजी हो गया। शिकायतकर्ता ने पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली और इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग को सौंप दी। प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विजिलेंस ब्यूरो पुलिस स्टेशन, मोहाली रेंज में मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और यदि इस प्रकरण में अन्य किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। विजिलेंस विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या जनप्रतिनिधि रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत तुरंत राज्य सरकार की एंटी करप्शन हेल्पलाइन या पोर्टल पर दर्ज कराएं, ताकि भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।