जीरकपुर। अपनी मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही। इस दौरान जीरकपुर में नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों, सीवरमैनों और दफ्तरी स्टाफ ने पंजाब सरकार के खिलाफ रोष मार्च निकाला। कर्मचारियों ने शहर में नारेबाजी कर अपनी मांगें जल्द पूरी करने की मांग की। म्युनिसिपल मुलाजिम ज्वाइंट एक्शन कमेटी पंजाब के जिला चेयरमैन प्रदीप कुमार सूद की अगुवाई में निकाले इस रोष मार्च के दौरान कर्मचारी स्थानीय सरकार विभाग के डायरेक्टर के साथ होने वाली बैठक के लिए रवाना हुए। इससे पहले वीरवार को एडीसी मोहाली ने हड़ताली कर्मचारियों के साथ बैठक कर शुक्रवार दोपहर 12 बजे चंडीगढ़ सेक्टर-35 के विभाग में मीटिंग करवाई थी।
पंजाब भर से यूनियन नेताओं ने वित्त मंत्री और स्थानीय सरकार विभाग के डायरेक्टर कुलवंत सिंह के साथ कर्मचारियों की मांगों को लेकर बैठक की। बैठक में निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े रहे। करीब साढ़े तीन घंटे चली यह बैठक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। यूनियन नेताओं ने साफ कर दिया कि 6 मई से जारी हड़ताल फिलहाल खत्म नहीं की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से एकजुट रहने की अपील कर कहा कि कोई भी कर्मचारी घबराए नहीं। इस दौरान हक मिलेगा तो काम करेंगे, नहीं तो चक्का जाम करेंगे के नारे भी लगाए गए। लगातार नौ दिनों से सफाई सेवाएं ठप होने के कारण जीरकपुर शहर में कई जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। सड़कों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ती गंदगी से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहरवासियों ने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की है।