डेराबस्सी। नगर परिषद के अधीन अस्थायी तौर पर काम करने वाले सफाई कर्मी चार दिन से हड़ताल पर हैं। इस कारण शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से खराब हो गई है। शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं।
गंदगी से उठने वाली बदबू से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। बता दें कि नगर परिषद में 150 के करीब सफाई कर्मी ठेकेदार के अधीन काम करते हैं। पक्का करने की मांग को लेकर सफाई सेवक हड़ताल पर बैठे हुए हैं। गंदगी न उठने के कारण डंपिंग प्वाइंट कूड़े से भर चुके हैं, जिससे अब गंदगी बाहर फैलना शुरू हो गई है। लावारिस पशु कूड़े में मुंह मारते रहते हैं। शहर की तहसील रोड, बरवाला मार्ग, कॉलेज रोड, गुलाबगढ़ रोड, सैनी भवन के पास और रामदासिया मोहल्ले में हालात बदतर हो गए हैं।
ईओ जगजीत सिंह जज का कहना है कि राज्य भर में सफाई कर्मी यूनियन अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। सरकार के पदाधिकारी इनसे बात कर रहे हैं। जल्द समस्या का समाधान करवाकर हड़ताल खत्म करवा दी जाएगी।