खरड़। खरड़ बार एसोसिएशन के चुनाव आज रिटर्निंग ऑफिसर एडवोकेट हरप्रीत सिंह जौहर और एआरओ एडवोकेट जसवीर सिंह रंगीला की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। चुनाव परिणामों में सचिन चौधरी, सुशांत कौशिक व पीके ठाकुर गुट ने प्रमुख पदों पर जीत दर्ज कर बाजी अपने नाम की। प्रधान पद के लिए एडवोकेट सचिन चौधरी और एडवोकेट अमित मड़कन के बीच सीधा मुकाबला हुआ। इसमें सचिन चौधरी ने 178 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। वाइस प्रधान (महिला) पद के लिए खुशप्रीत कौर और पूनम के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें 184 वोट प्राप्त कर खुशप्रीत कौर विजयी रहीं।
सेक्रेटरी पद के लिए सुशांत कौशिक और यादविंदर सिंह आमने-सामने थे। सुशांत कौशिक ने 222 वोट हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। चुनाव में यह सबसे अधिक वोटों से हासिल की गई जीत रही। जॉइंट सेक्रेटरी (महिला) पद के लिए कमलजीत कौर और दीपिका शर्मा के बीच मुकाबला हुआ। कमलजीत कौर ने 190 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। कैशियर पद के लिए सचिन वर्मा और योगेश शर्मा के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें सचिन वर्मा ने 194 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। वहीं, वाइस प्रधान (पुरुष) पद पर नकुल कपूर पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनकी जीत पर खुशी जताई।