मोहाली। विधानसभा चुनाव में नेता लोगों को पैसे देकर वोट न खरीद सकें, इसके लिए चुनाव आयोग की ओर से जिले भर में जगह-जगह नाके लगाकर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार फेज-11 पुलिस ने अलग-अलग दो लोगों से 13 लाख रुपये बरामद कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ही आरोपी उक्त राशि संबंधी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके और न ही कोई सबूत पेश कर सके। इसकी पुष्टि फेज-11 पुलिस थाने के प्रभारी गगनदीप सिंह ने की है। पहले मामले में पुलिस ने फेज-10 पर स्थित पुरानी चुंगी के पास से चंडीगढ़ नंबर की कार को रोककर तलाशी ली तो इसमें से 7 लाख रुपये की नकदी मिली। इसके बाद इसी जगह पर एक हिमाचल नंबर की कार में सवार व्यक्ति को रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 6 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। वह भी इस संबंधी कोई सबूत नहीं दिखा सका। पुलिस ने दोनों की रकम जब्त कर जांच शुरू कर दी है और अभी इनके नाम का खुलासा नहीं किया है।