लुटेरों ने देर रात पटवारी को घायल कर लाइसेंसी रिवाल्वर और नकदी लूटी
ग्रीन सिटी के पास दो गाड़ियों में आए 10-12 लोगों ने पटवारी से की मारपीट, गाड़ी भी तोड़ी
अपने किसी दोस्त की गाड़ी लेकर घर लौट रहे थे पटवारी, इसी दौरान किया गया हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
खरड़। गांव संतेमाजरा में देर रात हलका संतेमाजरा के मौजूदा पटवारी के साथ अज्ञात 10-12 लोगों की ओर से मारपीट कर उनका लाइसेंसी रिवाल्वर और नकदी छीनने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंधी पटवारी भूपिंदर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह खरड़ कुराली रोड पर स्थित जेबीपी काॅलोनी में अपने दोस्तों के पास बैठे हुए थे। रात लगभग एक-दो बजे के करीब वह अपने घर ग्रीन सिटी की ओर अपने दोस्त तरनजीत सिंह घोलू की थार जीप लेकर जा रहे थे। जब वह ग्रीन सिटी के नजदीक पहुंचे तो अचानक दो गाड़ियां आईं, जिन्होंने उनकी गाड़ी को घेर लिया। उक्त दोनों गाड़ियों से 10-12 लोग बाहर निकले और उन्हें गाड़ी से जबरदस्ती बाहर खींच कर उसकी बेसबाल बैट तथा डंडों के साथ मारपीट की। वहीं गाड़ी की भी तोड़फोड की गई।
उन्होंने बताया कि हमलावर जाते हुए उसका लाइसेंसी रिवाल्वर और नकदी भी छीनकर फरार हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उनका इलाज चल रहा है और उसकी बाजू में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। पटवारी भूपिंदर सिंह का कहना है कि उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है। हो सकता है कि हमलावरों ने गाड़ी को देखकर उस पर हमला किया हो, क्योंकि गाड़ी उसके दोस्त तरनजीत सिंह घोलू की है। इस संबंधी डीएसपी खरड़ रूपिंदरदीप कौर सोही ने बताया कि पुलिस इस घटना की जांच कर रही है।