मोहाली। फेज-11 मुख्य मार्केट के दुकानदार इस समय गंभीर नागरिक अव्यवस्था का शिकार बनी हुई है। डिस्पेंसरी और कम्युनिटी सेंटर के सामने स्थित एससीएफ-85 से 106 और 107 से 130 तक फैली यह मार्केट टूटी सड़कों और लगातार जलभराव के कारण दुकानदारों और ग्राहकों दोनों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। स्थानीय व्यापारियों राकेश कुमार, पवन जगदंबा का कहना है कि इलाके में बारिश के पानी की निकासी के लिए ड्रेनेज पाइप लाइन पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन न तो जलभराव की समस्या दूर हुई और न ही सड़क की मरम्मत की गई। हल्की बारिश होते ही पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है। कीचड़, गड्ढे और उखड़ी सड़क के कारण दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर जाते हैं, जबकि कारें और डिलीवरी वाहन बीच रास्ते में फंस जाते हैं।
दुकानदारों का आरोप है कि पाइपलाइन डालने के बाद सड़क को केवल अस्थायी रूप से भर दिया गया है। इससे कई जगह सड़क धंस गई है। कई स्थानों पर ड्रेनेज पाइप अधूरी या आपस में जुड़ी हुई नहीं हैं। इस कारण पानी कई दिनों तक जमा रहता है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि वे नियमित रूप से किराया और टैक्स अदा कर रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें बदतर हालात में कारोबार करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने बताया कि नगर निगम में कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। दुकानदारों में इस बात को लेकर रोष है कि शहर के अन्य इलाकों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेजी से की जा रही है, जबकि फेज-11 की बुनियादी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।
मेयर ने जताया असंतोष
मेयर अमरजीत सिंह सिद्धू ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताकर कहा कि निर्देश देने के बावजूद काम नहीं हो रहा है। यह बेहद चिंताजनक है। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत सड़क की मरम्मत कराई जाए और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त किया जाए, ताकि बाजार सुरक्षित और सुचारू रूप से चल सके।