मोहाली। शहर में दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से मौसम खुशनुमा तो हो गया, लेकिन जगह-जगह से टूटीं सड़कों में बने गड्ढों में भरे पानी से गुजरते हुए वाहन खड़कने से चालकों को आवाजाही के दौरान दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। यह सड़कें दो दिन की बारिश में ही पूरी तरह से जवाब दे गई हैं। इतना ही नहीं यहां की सड़कों पर लबालब भरे पानी के कारण सड़कों पर बने गड्ढे का पता ही नहीं चलता और गड्ढे से निकलते वाहनों को नुकसान पहुंचता है। वहीं, पैदल चलने वालों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। यह हालात इलाके के हर हिस्से में बने हुए हैं। लोगों का कहना है कि नगर निगम को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। पहल के आधार पर गड्ढों को पक्के तौर पर भर कर यहां पर कम से कम पैच वर्क जरूर करवाना चाहिए। जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत न हो और उनके वाहनों को भी नुकसान न पहुंचे।
बता दें कि शनिवार सुबह से शहर में बारिश हो रही थी और रविवार दोपहर तक होती रही। करीब दो दिन लगातार बारिश होने से शहर की सड़कों की हालत काफी खस्ता हो गई है। कई जगह पर तो सड़कों में गड्ढे बहुत ज्यादा बन गए हैं। यह दिक्कत फर्नीचर मार्केट से राधा स्वामी चौक तक जाने वाली सड़क पर भी है। वहां पर दो से तीन जगह सड़क बैठ गई है। ऐसी ही स्थिति इंडस्ट्रियल एरिया फेज-7 में बनी हुई है। टूटी सड़क और ऊपर से गड्ढों में बारिश का पानी भरा होने से राहगीरों को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ा। इसी तरह फेज-5 विशाल मेगा मार्ट वाली मार्केट की पार्किंग की हालत काफी खराब है। वहां पर भी जलभराव हुआ है। इसके अलावा सीवरेज की गंदगी सड़क पर फैलने के कारण यहां से ग्राहकों का गुजरना मुश्किल हो रहा है।
खरड़ में भी हालत ज्यादा ठीक नहीं
इसी तरह खरड़ के न्यू सन्नी एनक्लेव की बी रोड पर कई घंटे तक सड़क पर पानी जमा रहा। पानी की निकासी न होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो गया था। पानी में से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। वहीं इलाके के रिहायशी क्षेत्र में भी पानी जमा होने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। इलाके की सड़कें टूटी होने के कारण भी हाल ओर बेहाल हो गया। इसी तरह खरड़-लांडरां रोड पर भी लोग परेशानी उठाते रहे। यहां पर गंदे नाली की टूटी स्लैब और गंदगी लोगों के लिए आफत बनी हुई है। पूर्व पार्षद अशोक झा कहते हैं कि सड़कों को सुधारने के लिए नगर निगम को पहल के आधार पर काम करना होगा, तभी लोगों को इस परेशानी से निजात मिलेगी।
पार्कों के जॉगिग ट्रैक पानी में डूबे, कैसे करें सैर
जानकारी के मुताबिक बारिश की वजह से शहर के पार्कों में बने जॉगिग ट्रैक पानी में डूब गए हैं। इससे लोगों की सुुबह शाम की सैर पर प्रतिबंध लग गया है। इस संबंधी फेज-4 निवासी चिराग कपूर कहते हैं कि पार्कों की हालत काफी खराब है। इनमें काफी सुधार करने की जरूरत है, नगर निगम को पहल के आधार पर इस दिशा में काम करना चहिए।