खरड़। गांव चोल्टा खुर्द में 104 वर्षीय बुजुर्ग इसमैल खान के शव को कब्रिस्तान में दफनाने का विरोध करने पर मृतक के पारिवारिक सदस्यों व अन्य गांववासियों ने शव को सड़क पर रख कर खरड़ लांडरा रोड पर जाम लगा दिया। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
इस संबंधी मृतक के पारिवारिक मेंबरों व गांववासियों ने आरोप लगाया कि गांव में स्थित कब्रिस्तान के निकट एक परिवार द्वारा इस बुजुर्ग के शव को वहां दफनाने का विरोध किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया है। इस घटना की सूचना मिलने पर खरड़ के तहसीलदार जसविंदर सिंह, खरड़ सिटी के इंचार्ज दलजीत सिंह व सदर थाना खरड़ के इंचार्ज अजीत पाल सिंह मौके पर पहुंचे। इन अधिकारियों की ओर से बुजुर्ग के शव को गांव के श्मशानघाट में ही दफनाने का आश्वासन देने पर लोगों की ओर से जाम खोला गया। इसी दौरान गांव के निवासियों बलकार खान व राजे खान समेत अन्य गांववासियों ने बताया कि एक व्यक्ति ने इस जगह पर अवैध कब्जा कर लिया है। खरड़ सदर थाने के एसएचओ अजीतपाल सिंह ने कहा कि इस मामले संबंधी उन्हें शिकायत मिली थी और दोनों पार्टियों को कहा गया था कि नगर काउंसिल चुनावों के बाद रिकार्ड के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत पर पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
बलकार खान ने आरोप लगाया कि उन्होंने पहले प्रशासन व पुलिस के पास इस व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है परंतु प्रशासन व पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस अवसर पर तहसीलदार खरड़ ने गांववासियों को आश्वासन दिया कि वह पूरा रिकार्ड देख कर कानून के अनुसार कार्रवाई करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि गांववासी इस संबंधी माल विभाग के रिकार्ड में दुरुस्ती करवाने के लिए प्रार्थना पत्र दें ताकि उस पर कार्रवाई की जा सके। इसके बाद बुजुर्ग के शव को सपुर्द-ए-खाक किया गया।