बारश के दौरान गुजरती गाड़ी। -संवाद
- फोटो : MOHALI
मोहाली। शहर में दो दिन से हो रही बारिश से जहां मौसम ठंडा हो गया वहीं इलाके की अधिकतर सड़कें भी जवाब दे गईं। सड़कों ने दलदल का रूप धारण कर लिया जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ऐसी ही स्थिति इलाके के पार्कों की भी बनी हुई है। पार्कों में पानी जमा होने से लोग सैर करने के लिए नहीं जा रहे। खराब मौसम के चलते बाजारों में रौनक कम देखने को मिल रही है।
हादसों को न्योता दे रहीं सड़कें
जानकारी के अनुसार सबसे ज्यादा बुरा हाल शहर के औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों का है। यहां की ज्यादातर सड़कों की हालत खस्ता हो चुकी है। हालांकि कई बार उद्योगपति इलाके की सड़कों की स्थिति को सुधारने के लिए प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं। परंतु प्रशासन इस ओर बिलकुल भी ध्यान नहीं दे रहा। फेज-8बी के अलावा नए सेक्टरों 76 से 80 की सड़कें टूटी गई हैं। सड़क में पड़े खड्ढों में पानी भर गया है। रात के समय यह सड़कें हादसों को न्योता दे रही हैं।
खरड़-चंडीगढ़ हाईवे की हालत खराब
खरड़-चंडीगढ़ हाईवे की हालत काफी खराब है। एक तरफ तो हाईवे पर फ्लाईओवर का काम चल रहा है। जबकि दूसरी तरफ रोड पर पानी की उचित निकासी का प्रबंध नहीं है। सड़क पर जगह-जगह पानी भरा हुआ है। हाईवे पर लाइट्स नहीं जलती हैं। इससे स्थिति और भी ज्यादा खराब हो जाती है। लोग कई बार प्रशासन से इस संबंधी गुहार लगा चुके हैं लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही।