लालड़ू। शुक्रवार रात तेज रफ्तार कार चालक ने ओवरटेक के चक्कर में दूसरी कार को साइड मार दिया। कार चालक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बरसाती नाले में जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। यह हादसा कुरली गांव के पास हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक रवि कमल पुत्र रामनाथ निवासी सुंदरनगर कॉलोनी, गांव मंडोर, जिला अंबाला ने पुलिस को शिकायत दी कि वह 12 जुलाई को रात करीब साढ़े दस बजे एक्टिवा पर निजी काम से झरमड़ी से कुरली जा रहा था। उसके आगे उसका भाई संदीप कुमार (30) अपनी मारुति कार में जा रहा था। जैसे ही वे गांव कुरली के निकट पहुंचे तो एक कार चालक ने संदीप की कार को ओवरटेक करते समय साइड मार दी, जिसके चलते संदीप कार से संतुलन खो बैठा और कार समेत सड़क किनारे बरसाती नाले में जा गिरा। कार चालक ने किसी तरह संदीप को संभालने की कोशिश भी की, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रवि कमल के अनुसार इस दौरान कार चालक ने उन्हें अपना नाम-पता भी बता दिया था, लेकिन इसके बाद वह फरार हो गया। पुलिस ने रवि कमल के बयान पर कार चालक साहिल कुमार पुत्र जतिंदर सिंह निवासी छंलोदी, जिला कुरुक्षेत्र, हरियाणा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही संदीप की मौत की गुत्थी सुलझेगी कि आखिरकार उसकी मौत नाले में डूबने से हुई है या फिर सिर पर चोट लगने से। पुलिस मामले की जांच कर रही है।