मोहाली। कूड़ा निस्तारण की समस्या शहर में दिन-प्रतिदिन जोर पकड़ती जा रही है। शहर में बने आरएमसी पॉइंट और जगतपुरा में लगाया गया कूड़ा निस्तारण प्लांट शहर निवासियों के लिए सबसे बड़ी समस्या बन गया है। मंगलवार को मेयर अमरजीत सिंह सिद्धू ने कई पार्षदों और पीड़ित लोगों को साथ लेकर कचरा प्रसंस्करण कार्य से आ रही समस्याओं और निवासियों की शिकायतों के समाधान के लिए गमाडा के मुख्य प्रशासक विशेष सारंगल से मुलाकात की। इस दौरान एक मांग पत्र भी सीए को सौंपा गया। मुख्य प्रशासक ने उनकी समस्या का समाधान का आश्वासन दिया।
जगतपुरा के प्लांट और शाहीमाजरा के आरएमसी पॉइंट के खिलाफ लोग सड़कों पर उतर आए हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए अब मेयर और पार्षद लोगों को साथ लेकर समस्या के हल के लिए मैदान में उतर आए हैं। उन्होंने मांग की है कि मोहाली शहर के फेज-5 व फेज-11 में आरएमसी पॉइंट और रेलवे लाइन के नजदीक स्थित कूड़ा प्रसंस्करण प्लांटों से उत्पन्न होने वाली बदबू को ध्यान में रखकर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने कहा कि ये दोनों प्लांट रिहायशी इलाकों के काफी नजदीक स्थित हैं। इस कारण पिछले दिनों दुर्गंध के कारण क्षेत्रवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने यहां तक कहा है कि इससे उनके निजी जीवन पर असर पड़ रहा है। उन्हें अन्यत्र बसने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
गांव झंजेड़ी में दी जाएगी डंपिग ग्राउंड के लिए जगह
मेयर ने बताया कि सीएम गमाडा ने भरोसा दिया है कि कूड़े की समस्या के हल के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। सीए ने कहा है कि गमाडा नगर निगम को कूड़े के निस्तारण और डंपिंग ग्राउंड बनाने के लिए करीब 30 एकड़ जमीन गांव झंजेड़ी के पास देने की योजना बना रही है। इस जगह की निशानदेही कर ली गई है। उम्मीद है कि जल्द ही इस पर कार्रवाई भी शुरू कर दी जाएगी।