मोहाली। मौसम में बदलाव के कारण बच्चों की सेहत पर असर दिख रहा है। जिला अस्पताल की बाल रोग ओपीडी में रोजाना करीब 40 से 50 बच्चे उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें ज्यादातर बच्चे वायरल बुखार और इंफ्लुएंजा से पीड़ित हैं। बाल रोग विशेषज्ञ साहिल विकास ने बताया कि ओपीडी में आने वाले बच्चों में मुख्य रूप से वायरल बुखार और इंफ्लुएंजा के मरीज हैं। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों की सेहत पर नजर रखने की सलाह दी। लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। बच्चों को पर्याप्त आराम और साफ-सफाई का ध्यान रखना चाहिए। घर में किसी सदस्य को सर्दी-जुकाम होने पर बच्चे से संपर्क से पहले सावधानी बरतें। बच्चों को तरल पदार्थ और पौष्टिक आहार दें। बुखार लगातार बना रहने, लक्षण बढ़ने या तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर से संपर्क करें।
वायरल संक्रमण के प्रमुख लक्षण
वायरल बुखार और इंफ्लुएंजा के लक्षणों में बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी और गले में खराश शामिल हैं। इसके अलावा सिरदर्द, शरीर में दर्द, थकान और ठंड लगना भी आम है। बच्चों को भूख कम लग सकती है और कमजोरी महसूस हो सकती है। इन लक्षणों पर ध्यान देना महत्वपूर्ण है।