एक्टिवा के हुए तीन टुकड़े, खंभा भी टूटकर गिरा
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। पीआर 7 एरोसिटी सड़क पर मंगलवार को सुबह एक कार ने एक्टिवा सवार को टक्कर मार दी। हादसे में एक्टिवा सवार रिटायर कर्मचारी की मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त थी कि कार की टक्कर लगने से एक्टिवा के तीन टुकड़े हो गए और एक खंभा भी टूटकर गिर गया। मृतक की पहचान 75 वर्षीय धर्म सिंह निवासी आनंता लाइफ स्टाइल सोसाइटी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार धर्म सिंह अपनी एक्टिवा पर जब सोसाइटी से एरोसिटी रोड पर चढ़े तो पीछे से आ रही एक अर्टिका कार के चालक ने उनको जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी एक्टिवा बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ गई व स्ट्रीट लाइट से जा टकराई। हादसा इतना भयंकर था कि एक्टिवा की टक्कर से स्ट्रीट लाइट का पोल टूट गया व एक्टिवा के तीन टुकड़े हो गए। हादसे में धर्म सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिनको डेराबस्सी के सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उनको मृत बता दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि धर्म सिंह सरकारी नौकरी से रिटायर हुए थे। पुलिस ने मृतक की बेटी सोनिया के बयान पर आरोपी फरार कार के अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।