कुराली। जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी मोहाली की लापरवाही का खामियाजा एक सेवानिवृत्त क्लर्क भुगत रहा है। गवर्नमेंट टीचर्स यूनियन पंजाब के पूर्व राज्य प्रेस सचिव हरनेक सिंह मावी ने कहा कि विभागीय नियमों के अनुसार किसी भी विभाग के डीडीओ को अपने अधीन काम कर रहे कर्मचारियों के रिटायरमेंट केस कई महीने पहले एजी पंजाब को भेजने होते हैं ताकि संबंधित कर्मचारी की रिटायरमेंट और वेतन बंद होने के साथ-साथ उसकी पेंशन शुरू हो सके। लेकिन जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी मोहाली की ओर से उनके कार्यालय ने 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हुए क्लर्क जसबीर सिंह के रिटायरमेंट केस को संबंधित अधिकारी को समय पर नहीं भेजा। बल्कि इसको लेकर देरी की गई। जसबीर सिंह अपनी पेंशन के लिए इंतजार कर रहा है। गवर्नमेंट टीचर्स यूनियन पंजाब के नेताओं ने शिक्षा मंत्री पंजाब और शिक्षा सचिव पंजाब से इस मामले की जांच की मांग करते हुए क्लर्क की पेंशन पहल के आधार पर जारी करने और लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।