मोहाली। फेज-11 के पास स्थित कचरा प्रोसेसिंग प्लांट से उठ रही तेज दुर्गंध से स्थानीय लोग परेशान हैं। गांव कंबाली और आसपास के निवासियों ने गुरुद्वारा साहिब में बैठक कर डंपिंग ग्राउंड को आबादी से दूर स्थानांतरित करने की मांग की है। प्लांट में जमा कचरे के ढेर और बदबू के कारण लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया है। इससे फेज-11 और गांव कंबाली के निवासियों का जीवन प्रभावित हो रहा है। बैठक में पूर्व पार्षद कुलवंत क्लेर सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
वक्ताओं ने कचरे के ढेर से हो रही परेशानी पर चिंता जताई। लोगों ने डंपिंग ग्राउंड की नियमित सफाई और कचरा हटवाने के लिए आंदोलन चलाने का निर्णय लिया। उन्होंने मांग की कि डंपिंग ग्राउंड को रिहायशी इलाकों से दूर किसी अन्य स्थान पर ले जाया जाए। सर्वसम्मति से तय किया गया कि 5 अगस्त को गुरुद्वारा साहिब में एक और बैठक होगी। इसमें आसपास के गांवों के लोग भी शामिल होंगे। इस बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी। पार्षद अमरजीत सिंह, अमरजीत सिंह कंबाली और पवनजीत सिंह भंगू सहित कई अन्य लोग बैठक में मौजूद रहे।