जीरकपुर। बलटाना के गोल्डन स्टेट में बरसाती नाले पर अवैध निर्माण को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया। यहां एक कोठी का निर्माण कराने जाने की कोशिश ने पूरे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा कर दी है। जैसे ही स्थानीय लोगों को नाले के ऊपर निर्माण की भनक लगी, वार्ड पार्षद शिवानी गोयल के नेतृत्व में निवासियों ने मौके पर पहुंचकर जोरदार विरोध शुरू कर दिया। तुरंत नगर परिषद जीरकपुर के अधिकारियों को शिकायत दी।
शिकायत को गंभीरता से लेकर नगर परिषद के अधिकारी छुट्टी वाले दिन भी मौके पर पहुंचे और सुबह के समय निर्माण कार्य को बंद करवा दिया, लेकिन निर्माणकर्ता ने प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना कर कुछ ही समय बाद दोबारा काम शुरू कर दिया। इससे लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने विरोध कर अधिकारियों को मौके पर बुला लिया। इस दौरान स्थानीय निवासियों और प्लॉट मालिक के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बलटाना पुलिस चौकी के इंचार्ज गुरप्रीत सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत करवाया। स्थानीय लोगों पार्षद शिवानी गोयल, पुष्पा, किरण, ममता,मंजू, सीमा, अनु, सुमन, सरिता बजाज, राजेश, गणेश, उमेश, राजेश और दिनेश का कहना है कि हर साल बरसात के मौसम में गोल्डन स्टेट, वधावा नगर, प्रशांत विहार और विकास नगर जैसे इलाके पानी में डूब जाते हैं और ऐसे में नाले पर निर्माण भविष्य में बड़ी आपदा को न्योता दे सकता है।
वहीं ममता एनक्लेव निवासी जसप्रीत कौर ने खुलासा किया कि उन्होंने यह प्लॉट तीन साल पहले खरीदा था और उन्हें यह जानकारी ही नहीं दी गई कि यहां से बरसाती नाला गुजरता है, बल्कि सरकारी नक्शे का हवाला देकर प्लॉट बेचा गया था, जबकि अब स्थानीय निवासी लगातार जलभराव का हवाला देकर निर्माण का विरोध कर रहे हैं। दूसरी ओर प्लॉट मालिक का दावा है कि यह नाला वर्षों पहले बंद हो चुका है, लेकिन जमीनी हकीकत और लोगों के विरोध ने इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे पूरे मामले ने अब प्रशासनिक लापरवाही, भू-माफिया और आम लोगों की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर कर दिया है।
हमें सूचना मिली थी तो मैंने खुद छुट्टी वाले दिन मौके पर पहुंचकर काम को तुरंत बंद करवाया और निर्माणकर्ता को सख्त निर्देश दिए कि वह अपने सभी दस्तावेज लेकर कार्यकारी अधिकारी के समक्ष पेश हो, जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। - पुनीत सिंह, डीएम नगर परिषद जीरकपुर।