जीरकपुर। वीरवार को जीरकपुर के कई इलाकों में करीब सात घंटे की घोषित बिजली कटौती की गई। नए 11 केवी सुषमा वैलेंसिया फीडर को 66 केवी रामगढ़ भुड्डा ग्रिड से जोड़ने के लिए यह कट लगाया गया। इससे पहले से अघोषित कटौती से जूझ रहे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं। बिजली विभाग ने सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आठ 11 केवी फीडरों की आपूर्ति बंद रखने की सूचना दी थी। इस पावरकट से कॉस्मो, सीसीसी, प्रिथम, ढिल्लों, ग्रीन वैली, पंजाब, सुखना और साहिब फीडरों से जुड़े क्षेत्र प्रभावित हुए। कॉस्मो मॉल, सिल्वर सिटी मेन, एमिनेंस, मोटिया रॉयल सिटी, ग्रीन वैली, बाजीगर बस्ती और चिकित्सक सोसायटी के उपभोक्ताओं को परेशानी हुई।
अंबाला रोड के आसपास के क्षेत्र भी प्रभावित रहे। इनमें ढिल्लों प्लाजा, फ्रेंड्स एन्क्लेव, चंडीगढ़ ग्रांडे और ग्रीन लोटस शामिल थे। लंबे समय तक बिजली बंद रहने से घरों, दुकानदारों और कारोबारियों को भी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। कई सोसाइटियों की लिफ्टें सात घंटे तक बंद रहीं। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। कुछ सोसाइटियों में पीने के पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई। जिन सोसाइटियों में पावर बैकअप था, उन्हें छोड़कर बाकी जगह लोगों को भारी परेशानी हुई।