जीरकपुर। जीरकपुर के नगला रोड स्थित सुषमा वैलेंसिया सोसाइटी में रहने वाले लोगों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। पिछले दो से तीन वर्षों से बुनियादी सुविधाओं की कमी झेल रहे निवासियों ने बिल्डर और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की।
प्रदर्शन में शामिल मनोज कुमार, विनोद कुमार, दीपक कुमार, अनुपम, साहिल, राजीव शर्मा, रजनीश शर्मा और संजीव शर्मा सहित अन्य ने बताया कि बार-बार शिकायतें करने के बावजूद उनकी समस्याओं का कोई समाधान नहीं किया गया। उनका आरोप है कि सोसाइटी में न तो पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था है और न ही नियमित रूप से बिजली और पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे रोजमर्रा का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
निवासियों ने बिल्डर पर आरोप लगाते हुए कहा कि फ्लैट बेचते समय जो वादे किए गए थे, वे अब तक पूरे नहीं किए गए। खासतौर पर बिजली की समस्या ने लोगों को सबसे ज्यादा परेशान कर रखा है। उनका कहना है कि स्थायी बिजली कनेक्शन न मिलने के कारण उन्हें जनरेटर के भरोसे रहना पड़ रहा है, जिससे भारी मात्रा में डीजल खर्च होता है।
डीजल बचाने के लिए बिल्डर द्वारा दिन में केवल 10 से 12 घंटे ही बिजली दी जा रही है, जिससे न सिर्फ घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है बल्कि बच्चों की पढ़ाई पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। निवासियों ने बताया कि उन्होंने बिजली कनेक्शन के लिए संबंधित विभाग को पत्र भी लिखा, लेकिन वहां से भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप कर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही हालात नहीं सुधरे तो वे अपना आंदोलन और उग्र रूप देंगे।
बिल्डर और उसके अधिकारी नहीं उठाते हैं फोन
इस पूरे मामले में जब बिल्डर पक्ष से संपर्क करने की कोशिश की गई तो बिल्डर प्रतीक मित्तल, भारत मित्तल और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी आशीष कुमार से कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन किसी ने भी कॉल का जवाब नहीं दिया।