मोहाली। नए विकसित सेक्टरों में रहने वाले लोगों के लिए नगर निगम एक बड़ी सौगात देने जा रहा है। सेक्टर-77, 78, 79 और 80 में चार नई लाइब्रेरियों के निर्माण की योजना को अंतिम रूप दे दिया गया है। इन चारों लाइब्रेरियों का शिलान्यास शुक्रवार को किया जाएगा। नगर निगम करीब 1.40 करोड़ रुपये के बजट से इन लाइब्रेरियों का निर्माण करेगा। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और आम पाठकों को सीधा लाभ मिलेगा। इन लाइब्रेरियों का निर्माण चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। पहले भवन का निर्माण पूरा किया जाएगा। उसके बाद आवश्यक फर्नीचर, पुस्तकें और अन्य संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी। यह पूरा खर्च नगर निगम के डेवलपमेंट फंड से किया जा रहा है। प्रत्येक लाइब्रेरी करीब 1800 वर्ग फुट के कवर एरिया में बनाई जाएगी। इस पर लगभग 35 लाख रुपये की लागत आएगी। लाइब्रेरियों में पाठकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अलग से महिला शौचालय की व्यवस्था भी होगी। इसके अलावा पैंट्री की सुविधा भी रखी जाएगी, ताकि लंबे समय तक अध्ययन करने वाले पाठकों को सहूलियत मिल सके। शांत वातावरण, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था और आधुनिक सुविधाओं के कारण ये लाइब्रेरियां नए सेक्टरों में ज्ञान का केंद्र बनेंगी।
इससे पहले मोहाली के फेज-3बी1, फेज-4, फेज-6, फेज-11, सेक्टर 69 और 70 में भी लाइब्रेरियां स्थापित की जा चुकी हैं, जिन्हें नगर निगम को सौंपा गया था और वर्तमान में इनका सफल संचालन नगर निगम द्वारा किया जा रहा है। नई लाइब्रेरियों के निर्माण से सेक्टर-77 से 80 के निवासियों को अपने ही क्षेत्र में अध्ययन की बेहतर सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें दूर दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।