मोहाली। एनआरआई विंग ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी के मामले में इमिग्रेशन एजेंट अभिनंदन पांडे और उसकी पत्नी मीनाक्षी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई एनआरआई विंग पंजाब कार्यालय से जारी आदेश के तहत की गई है। रूपनगर जिले के गांव गंग जिंदबड़ी निवासी कुनाल शर्मा ने एनआरआई विंग को दी शिकायत में आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में सोशल मीडिया के जरिए उसका संपर्क एजेंट अभिनंदन पांडे और उसकी पत्नी मीनाक्षी से हुआ। आरोपियों ने इंग्लैंड का वर्क वीजा देने का झांसा देकर कुल 21 लाख रुपये की मांग की। इसमें नौ लाख रुपये नकद और बैंक के माध्यम से ले लिए गए। शिकायतकर्ता के अनुसार पैसे लेने के बाद आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे और बाद में संपर्क तोड़ लिया।मामले की प्रारंभिक जांच एनआरआई थाना मोहाली ने की। इसके बाद एडीजीपी एनआरआई विंग ने एफआईआर दर्ज करने की मंजूरी दी। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई राज कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की जांच कर रही है।