जीरकपुर। वीरवार को नगर परिषद की टीम ने रॉयल एस्टेट मार्केट में विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे लगी रेहड़ी-फड़ी वालों को खदेड़ा और दुकानों के बाहर पार्किंग एरिया में रखे समान और अवैध रूप से लगाए गए बोर्डों को हटवाया।
शहर में अतिक्रमण बड़ी समस्या बन चुका है। हर तरफ सड़क के किनारे रेहड़ी-फड़ी वालों ने कब्जा कर रखा है। इस कारण शहर में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। रॉयल एस्टेट मार्केट में पार्किंग व रोड पर ही दुकानदारों ने अपने शोरूम के बोर्ड व अन्य सामान रख रखे थे। जिस कारण आने-जाने वाले राहगीरों को और ग्राहकों को पैदल चलने में भी समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इसकी शिकायत बार-बार स्थानीय लोगों की ओर से की जा रही थी।
नगर परिषद की टीम ने वीरवार को कार्रवाई करते हुए दुकानदारों का सामान जब्त किया। इस दौरान कुछ शोरूम मालिकों ने अपने बोर्ड खुद ही हटाने शुरू कर दिए थे। इसके अलावा टीम ने रॉयल एस्टेट मार्केट की पार्किंग एरिया में लगे फूड स्टॉल को भी हटाया। टीम ने दुकानदारों को चेतावनी दी की दोबारा सड़क किनारे सामान लगाया तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।