जीरकपुर। बलटाना क्षेत्र में रहने वाले लोगों को जल्द ही बिजली की किल्लत से निजात मिलने वाली है। जीरकपुर नगर परिषद ने यहां नया ग्रिड लगाने के लिए उपयुक्त जमीन की तलाश शुरू कर दी है। इस संबंधी प्रस्ताव अधिकारियों को भेजा गया है। यह जानकारी बिजली विभाग के एक्सईएन खुशविंदर सिंह ने दी।
जानकारी के अनुसार बलटाना क्षेत्र की आबादी बढ़ने से ट्रांसफार्मरों पर भी लोड बढ़ गया है। यहां आए दिन अघोषित लगते रहते हैं। लोगों की परेशानी को देखते हुए अलग से ग्रिड लगाने का फैसला लिया गया है। खुशविंदर सिंह का कहना है कि शहर की आबादी के मुताबिक बिजली सिस्टम को अलग तरीके से अपग्रेड करने का काम चल रहा है।
चंडीगढ़ और पंचकूला की सीमाओं से सटे बलटाना क्षेत्र में कुछ साल में भारी जनसंख्या वृद्धि हुई है। बलटाना अकेला ऐसा क्षेत्र है, जिसमें रहने वाले लोगों की आबादी अन्य क्षेत्रों के मुकाबले सबसे आबादी अधिक है। यहां अधिकतर परिवार मध्यम श्रेणी से संबंध रखते हैं। इतनी आबादी वाले क्षेत्र के लोग बुनियादी सुविधाओं में अगर कोई परेशानी झेल रहे हैं तो वो है बिजली सप्लाई की किल्लत।
आए दिन यहां कोई न कोई ट्रांसफार्मर ओवरलोड के चलते खराब हो जाता है, जिसके चलते लोगों को कई-कई घंटे अघोषित कट का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने इस संबंधी शिकायतें विभाग के अधिकारियों को कई बार दीं, लेकिन अभी तक समस्या बरकरार है।
2015 में बदलना पड़ा ग्रिड
बलटाना वासियों को बिजली किल्लत से राहत दिलाने के लिए विभाग ने 2015 में जमीन का चयन किया गया था। लेकिन जमीनी विवाद के चलते ग्रिड को रामगढ़ भुड्ढा में शिफ्ट करना पड़ा था। इस कारण बलटाना निवासियों की समस्या का समधान नहीं हो पाया। क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार मिलने वाली शिकायतों के मद्देनजर अब यहां नए सिरे से बिजली ग्रिड बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया है और बस अब जगह के चयन होने का इंतजार है।
बलटाना में नए बिजली ग्रिड को लेकर पत्र प्राप्त हुआ है। इस संबंधी बिजली विभाग अधिकारियों के साथ उपयुक्त जमीन की तलाश को लेकर प्रक्रिया चल रही है। -संदीप तिवाड़ी, कार्यकारी अधिकारी (अतिरिक्त कार्यभार), जीरकपुर नगर परिषद।
विभाग द्वारा बलटाना क्षेत्र वासियों की शिकायतों को देखते हुए नया बिजली ग्रिड लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया है। जैसे ही जमीन का चयन हो जाता है तो उसके बाद आगामी कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा। -खुशविंदर सिंह, एक्सईएन, बिजली विभाग जीरकपुर।